कोटद्वार। वर्तमान में चल रही विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में देश-विदेश के कोने-कोने से श्रद्धालु एवं पर्यटक राज्य में पहुँच रहे हैं। यात्रा की आड़ में पर्यटकों के मध्य कुछ शरारती तत्व भी राज्य में पहुँचकर यात्रा का माहौल बिगाड़ने का कार्य कर रहे हैं, जो आये दिन तीर्थस्थलों, गंगा घाटों व पर्यटक स्थलों में मादक पदार्थों का सेवन कर हुड़दंग मचाते हुए अमर्यादित आचरण करते नजर आ रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्वेता चौबे ने जनपद में समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस महानिदेशक के चलाये जा रहे ऑपरेशन मर्यादा अभियान के अंतर्गत तीर्थस्थलों एवं गंगा किनारे मादक पदार्थों का सेवन करके हुड़दंग व अमर्यादित आचरण करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करते हुये धामों के दर्शन करने आये श्रद्धालुओं की हरसंभव मदद करने हेतु निर्देशित किया गया है। जिसके क्रम में रविवार को कोतवाली कोटद्वार की पुलिस चौकी कलालघाटी क्षेत्रान्तर्गत मालन नदी के किनारे नशे का सेवन कर हुड़दंग करने वाले 12 व्यक्तियों के खिलाफ चौकी प्रभारी दिनेश चन्द ने नियमानुसार उत्तराखण्ड़ पुलिस अधिनियम एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को मर्यादा में रहने की हिदायत दी । अब तक ऑपरेशन मर्यादा के तहत जनपद में 1126 व्यक्तियों पर कार्रवाई की जा चुकी है ।
गुरप्रीत सिंह कालरा
amritganganews.com@gmail.com
