
राजकुमार / हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया। वीडियो में कुछ युवक कारों पर हूटर बजाते हुए और खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाते नजर आ रहे थे, जिससे यातायात नियमों का खुला उल्लंघन होने के साथ-साथ उनकी और अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ रही थी।
पुलिस मीडिया सेल को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान यह वीडियो प्राप्त हुआ। जांच में सामने आया कि वीडियो ज्वालापुर क्षेत्र के सराय रोड का है, जहां 18 जून 2026 को कुछ युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जाते समय कारों में स्टंटबाजी और हुड़दंग करते दिखाई दिए। स्थानीय व्यक्ति द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस मीडिया सेल ने कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान की गई। इसके बाद संबंधित युवकों को उनके वाहनों सहित कोतवाली ज्वालापुर बुलाया गया।
पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पांचों वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही वाहन चालकों एवं अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
पुलिस ने युवकों और उनके अभिभावकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की स्टंटबाजी, हुड़दंग और यातायात नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर और अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
