
राजकुमार / हरिद्वार। इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन सूट ऑर्डर करने के दौरान एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने महंगे ऑर्डर का झांसा देकर एडवांस राशि जमा कराने के नाम पर महिला के खाते से ₹35,998 की ठगी कर ली। हालांकि समय रहते शिकायत दर्ज होने पर हरिद्वार साइबर सेल की सक्रियता से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली और ठगी गई राशि में से ₹34,012 वापस दिला दिए गए।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखकर ऑनलाइन सूट ऑर्डर किया था। कुछ समय बाद एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने ऑर्डर को महंगा बताते हुए अतिरिक्त धनराशि जमा कराने की बात कही। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि यह राशि बाद में वापस कर दी जाएगी। झांसे में आकर महिला ने बताए गए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए, जिसके बाद उसके खाते से कुल ₹35,998 की कटौती हो गई।
घटना का एहसास होते ही पीड़ित पक्ष ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल ने विभिन्न माध्यमों से कार्रवाई शुरू की और लगातार प्रयासों के बाद ठगी गई रकम में से ₹34,012 वापस पीड़ित के खाते में दिला दिए।
राशि वापस मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने साइबर सेल कार्यालय आकर पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
