
राजकुमार / हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा प्रदेशभर में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस लगातार सत्यापन अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कोतवाली रानीपुर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गैस प्लांट एवं सुमननगर क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों, मजदूरों, कबाड़ियों, रेहड़ी-ठेली संचालकों और संदिग्ध व्यक्तियों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान गैस प्लांट क्षेत्र की बिट्ठल विहार कॉलोनी, शक्ति नगर कॉलोनी, बैरियर नंबर-6 के आसपास तथा सुमननगर क्षेत्र में घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर कुल 145 किरायेदारों, मजदूरों और घरेलू नौकरों का सत्यापन किया। इस दौरान बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार एवं घरेलू नौकर रखने वाले 10 मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए ₹1,00,000 के कोर्ट चालान किए गए।
अभियान के दौरान ऐसे आठ बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्ति भी मिले, जिन्होंने अपना पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इनके विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹2,000 के नगद चालान किए गए। साथ ही पुलिस ने सभी संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की हिदायत दी।
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करना तथा सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना है। इसी के तहत हरिद्वार पुलिस किरायेदारों, घरेलू नौकरों, मजदूरों, होटलों, ढाबों, होम-स्टे, जिम, स्पा सेंटर, रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और गेटेड कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का लगातार सत्यापन कर रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के समापन पर रानीपुर पुलिस ने क्षेत्र के सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों एवं अन्य बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराने की अपील की और स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में भी ऑपरेशन प्रहार के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, चौकी प्रभारी गैस प्लांट उपनिरीक्षक चरण सिंह, चौकी प्रभारी सुमननगर अपर उपनिरीक्षक राकेश सिंह, उपनिरीक्षक राहुल थापा, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल सहित कोतवाली रानीपुर पुलिस टीम शामिल रही।
