
राजकुमार / हरिद्वार। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) हरिद्वार के तत्वावधान में नेहरू युवा केंद्र में निःशुल्क त्वचा रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में त्वचा रोगों से संबंधित परामर्श के साथ-साथ ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर जांच की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित कुल 67 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
रविवार को आयोजित शिविर में आईएमए हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद वर्ग तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सीय परामर्श से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।
आईएमए के सचिव डॉ. प्रेम लूथरा ने शिविर की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि संस्था आगे भी जनहित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
शिविर के संयोजक और वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. के. स्वरूप ने मरीजों को त्वचा रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने मौसम परिवर्तन, स्वच्छता और एलर्जी से जुड़ी त्वचा समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. यतीन्द्र नागयान ने गर्मियों में त्वचा रोगों से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, तेज धूप से बचने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। वहीं डॉ. नेहा आहर और डॉ. अदिति वशिष्ठ गोयल ने मरीजों को त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया। डॉ. अक्षय शर्मा ने प्रयोगशाला जांच व्यवस्थाओं का संचालन संभाला।
स्थानीय नागरिकों ने शिविर की सराहना करते हुए आईएमए हरिद्वार के इस जनसेवा प्रयास की प्रशंसा की।
