
राजकुमार / हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कानून व्यवस्था भंग करने और झगड़ा-फसाद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में गुरुवार देर रात उपनिरीक्षक हाकम सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हरकी पैड़ी क्षेत्र स्थित ओशो होटल और जोधपुर भोजनालय के बाहर कुछ लोगों के बीच मारपीट और झगड़ा हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दो पक्ष आपस में भिड़े हुए थे और एक-दूसरे से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और दोबारा झगड़ा करने लगे।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने संज्ञेय अपराध होने की आशंका के आधार पर दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में लेकर बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति…
मनवीर सिंह निवासी जटौल, देवबंद, सहारनपुर
मोहित सिंह निवासी जटौल, देवबंद, सहारनपुर
विकास निवासी जटौल, देवबंद, सहारनपुर
कपिल कुमार निवासी जटौल, देवबंद, सहारनपुर
नकुल पंवार निवासी जटौल, देवबंद, सहारनपुर
जयवीर सिंह निवासी चमोली (हाल निवासी ओशो होटल, हरकी पैड़ी)
जोगिंद्र निवासी मेरठ (हाल निवासी होटल जोधपुर, हरकी पैड़ी)
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हाकम सिंह, कांस्टेबल विनोद, कांस्टेबल राकेश नेगी, कांस्टेबल अरुण नेगी, कांस्टेबल (ना.पु.) परविंद सिंह तथा कांस्टेबल (ना.पु.) वीरेंद्र सिंह शामिल रहे।
