
राजकुमार / हरिद्वार / भगवानपुर। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्पेलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। 1 अक्टूबर 2026 को प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर निवासी रामपाल शर्मा ने कोतवाली भगवानपुर में नामजद तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी उनके घर में घुस आए और उनके पोते रोहित शर्मा उर्फ लक्की के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि सन्नी गुर्जर ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 411/26, धारा 190, 191(3), 333, 352, 351(2), 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाने के साथ ही संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद 3 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर खेलपुर-खानपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान गौरव पुत्र हरीश भारद्वाज, निवासी कस्बा भगवानपुर, उम्र 26 वर्ष और सन्नी गुर्जर उर्फ सन्नी तोमर पुत्र वीर सिंह, निवासी शाहपुर, कोतवाली भगवानपुर, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में सन्नी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्पेलेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका लक्की के साथ विवाद चल रहा था और वे अपने अन्य साथियों के साथ उसके घर गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में व.उ.नि. गौपालदत्त, उ.नि. मुकेश दत्त नौटियाल, उ.नि. बालाराम जोशी, हेड कांस्टेबल मनीष धपोला, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार और कांस्टेबल सुशील तोमर शामिल रहे।
