
शिवराज यादव / हरिद्वार / भगवानपुर। भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के सिकन्दरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर तमंचे के बल पर हुई ₹9,500 की लूट का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹3,000, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष पुत्र अशोक उर्फ नारायण निवासी बहेड़ी गुर्जर, थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर, उम्र 19 वर्ष और अमित उर्फ प्रिन्स पुत्र नाथीराम निवासी साधारणसिर, थाना नागल, सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है।
24 सितंबर 2026 की रात दोनों आरोपी सिकन्दरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर पहुंचे और ₹40 का पेट्रोल भरवाकर कर्मचारी को ₹200 का नोट दिया। कर्मचारी द्वारा ₹160 वापस करने के दौरान आरोपियों ने उसके हाथ में रखे ₹9,500 रुपये लूट लिए। कर्मचारी द्वारा पीछा करने का प्रयास करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा संख्या 396/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की लगातार चेकिंग शुरू की। 26 सितंबर की देर रात पुलिस टीम ने सिकन्दरपुर-सिरचन्दी मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से ₹3,000, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया।
पुलिस ने मुकदमे में धारा 3(5), 317(2) बीएनएस एवं 3/25(1-B)(A) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक मुकेश नोटियाल, हेड कांस्टेबल गीतम सिंह, हेड कांस्टेबल सिकन्दर तोमर, कांस्टेबल रविन्द्र राणा, कांस्टेबल रमेश चौहान और कांस्टेबल उवैदुल्ला शामिल रहे।
