
शिवराज यादव / हरिद्वार / कलियर। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए प्रयागराज कुंभ मेले में अपने परिवार से बिछड़े बिहार निवासी एक बुजुर्ग को दो साल बाद उनके परिजनों से मिला दिया। एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम के प्रयासों से बुजुर्ग को सकुशल बरामद कर उनके परिवार के सुपुर्द किया गया। बुजुर्ग के बेटे ने अपने पिता को दो साल बाद सामने देखकर भावुक होते हुए हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली कलियर क्षेत्र में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम को कलियर शरीफ स्थित दरगाह परिसर में जूता स्टॉल के पास करीब 65 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगते हुए मिले। एएचटीयू में तैनात कांस्टेबल मुकेश कुमार ने बुजुर्ग से बातचीत कर उनका हाल जाना। पूछताछ में बुजुर्ग ने बताया कि वह बिहार के जिला औरंगाबाद के थाना कुटुम्बा/अंबा क्षेत्र के निवासी हैं और प्रयागराज कुंभ मेले में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे, जहां वह अपने परिवार से बिछड़ गए थे। इसके बाद से ही वह भटक रहे थे।
बुजुर्ग की जानकारी मिलने पर कांस्टेबल मुकेश कुमार ने कलियर पुलिस की संयुक्त टीम के साथ उनके बताए पते की तस्दीक करने के लिए बिहार के कुटुम्बा थाने से संपर्क किया। स्थानीय पुलिस की मदद से बुजुर्ग का नाम और फोटो परिजनों तक पहुंचाया गया। इसके बाद उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कर वीडियो कॉल के माध्यम से बुजुर्ग की उनके बेटे से बात कराई गई। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही बेटा अंकित भावुक हो गया और रोने लगा। उसने पुलिस को बताया कि यही उसके पिता हैं, जो दो साल पहले प्रयागराज कुंभ में स्नान करने गए थे और वहीं से लापता हो गए थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
पिता के मिलने की सूचना मिलते ही बेटा अंकित अपने परिचितों के साथ ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा और वहां से कलियर आया। दो साल बाद पिता को सामने देखते ही बेटा उनसे लिपटकर रो पड़ा। परिवार में खुशी का माहौल छा गया। उल्लेखनीय है कि बुजुर्ग का बेटा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है। हरिद्वार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बुजुर्ग को उनके बेटे और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान बेटे ने नम आंखों से पुलिस टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस सफल अभियान में एएचटीयू के कांस्टेबल मुकेश कुमार, कलियर के एसएसआई रमेश सैनी, उपनिरीक्षक विनोद गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद, हेड कांस्टेबल बीआर वर्मा, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह और कांस्टेबल जितेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम के इस सराहनीय प्रयास से दो वर्षों से अपने पिता की तलाश कर रहे परिवार को आखिरकार अपनों का साथ मिल गया।
