
राजकुमार / हरिद्वार / रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है।
पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को अफजाल निवासी ग्राम रामपुर, कोतवाली गंगनहर ने तहरीर देकर बताया था कि 5-6 युवक घातक हथियारों से लैस होकर उसके पुत्र के दोस्त और अन्य साथियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने पहुंचे थे। आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में कोतवाली गंगनहर में मुकदमा संख्या 215/26 दर्ज किया गया था।
मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 190, 191(2), 191(3) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गंगनहर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और साक्ष्य संकलन के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर 20 जून को पाडली गुर्जर की ओर जाने वाले रास्ते पर मुर्गी फार्म के पास से नईम उर्फ लक्खा पुत्र शमीम निवासी पुहाना, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र 20 वर्ष बताई गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल यूनुस, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार, कांस्टेबल प्रभाकर, कांस्टेबल नितिन, कांस्टेबल देवेश तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल शामिल रहे।
