
राजकुमार / हरिद्वार / भगवानपुर। पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध स्मैक, चरस, गांजा और नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ देहरादून और कोतवाली भगवानपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 456 अवैध ट्रामाडोल नशीले कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर खेलपुर रोड, भगवानपुर में चेकिंग के दौरान सलमान पुत्र शाहिद अहमद, निवासी देवबंद मार्ग, सरस्वती कॉलोनी, थाना रामपुर मनिहारान, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने कब्जे में 456 अवैध ट्रामाडोल नशीले कैप्सूल लेकर मोटरसाइकिल से परिवहन कर रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने सभी कैप्सूल और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध कोतवाली भगवानपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लेकर आया था और इन्हें किसे सप्लाई करने जा रहा था। मामले में पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाली भगवानपुर से उपनिरीक्षक सुनील पंत, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार और कांस्टेबल उवैदउल्लाह शामिल रहे। वहीं एसटीएफ देहरादून की ओर से निरीक्षक यादविंदर बाजवा, औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी (एफडीए देहरादून), कांस्टेबल प्रशांत चौहान, कांस्टेबल रवि पंत तथा कांस्टेबल दीपक ने संयुक्त अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
