
हरिद्वार / कलियर। नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने अवैध नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र से एक चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक किलो 222 ग्राम अवैध चरस, तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा संचालित नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कोतवाली पिरान कलियर पुलिस टीम ने बेड़पुर चौक के समीप चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध रेनॉल्ट काइगर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार सवार मोनू अली पुत्र बारू, निवासी ग्राम खेड़ी शिकोहपुर, कोतवाली भगवानपुर, उम्र 26 वर्ष के कब्जे से एक किलो 222 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव और आसपास के गांवों में नशा करने वाले लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्रित करता था और उसे कलियर क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी ड्राइविंग का काम करता है और अपने व्यक्तिगत खर्चों की पूर्ति करने के साथ अधिक पैसा कमाने के लालच में चरस तस्करी करने लगा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उप निरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान, अमित कुमार तथा कांस्टेबल आविद अली शामिल रहे।
