
राजकुमार / हरिद्वार। बैडमिंटन कोर्ट पर दमदार खेल, आत्मविश्वास और जीत की जिद के साथ दिल्ली पब्लिक स्कूल, दौलतपुर के युवा शटलरों ने अंतरविद्यालयी बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में डीपीएस दौलतपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में विद्यालय के करीब 15 खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। शुरुआती मुकाबलों से लेकर निर्णायक मैचों तक खिलाड़ियों ने तकनीक, फुर्ती और रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-11 बालक युगल वर्ग में सव्वा कोरितोव और अलेक्जेंडर कोरितोव ने शानदार तालमेल दिखाते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया। दोनों खिलाड़ियों ने कई कड़े मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी क्षमता साबित की।
अंडर-15 बालिका युगल वर्ग में वानरिका और सीसरीक्षा की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और विद्यालय की पदक तालिका में एक और रजत जोड़ा।
वहीं अंडर-13 बालिका एकल वर्ग में सीसरीक्षा ने अपने दमदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। कड़े मुकाबलों में आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए उन्होंने रजत पदक हासिल किया। सीसरीक्षा का प्रदर्शन प्रतियोगिता में डीपीएस दौलतपुर के लिए विशेष आकर्षण रहा।
तीन रजत पदकों की इस उपलब्धि ने न केवल खिलाड़ियों की मेहनत को सम्मान दिलाया, बल्कि यह भी साबित किया कि डीपीएस दौलतपुर के युवा खिलाड़ी खेल के मैदान में लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं।
