
शिवराज यादव / हरिद्वार / भगवानपुर। पुलिस ने भगवानपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं के अपहरण और छेड़छाड़ के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार 07 मार्च को वादी ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री और उसकी सहेली को आस मोहम्मद और निखिल बहला-फुसलाकर गलत इरादे से चौली स्थित एक शोरूम में ले गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और उसी दिन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस मोहम्मद पुत्र सत्तार निवासी ग्राम चौली और निखिल पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम खुब्बनपुर, कोतवाली भगवानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक किरण गुसाईं, कांस्टेबल दीपक मंमगाई और कांस्टेबल रविंद्र राणा शामिल रहे।
