
शिवराज यादव / हरिद्वार। जनपद में अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आरोपी को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। 9 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के निर्देशन में पुलिस टीम थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जहीन खान पुत्र आजाद खान, निवासी गांव पिपलिया, थाना फैजगंज, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद हुआ। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। मामले में आरोपी के विरुद्ध कोतवाली गंगनहर में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन कुमार और कांस्टेबल रणवीर सिंह शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधों पर अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
