
राजकुमार / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशानुसार जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद परिसर में बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) द्वारा किया गया, जिसमें बीडीएस टीम और सिडकुल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
चेकिंग के दौरान न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। इसके साथ ही न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। अभियान का उद्देश्य आमजन, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और संभावित खतरों को समय रहते रोकने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे।
