
शिवराज यादव / हरिद्वार / लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने गुमशुदगी के एक मामले का खुलासा करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की हत्या उसके गांव के ही रहने वाले चार आरोपितों ने पुरानी रंजिश और कारोबार से जुड़ी दुश्मनी के चलते की थी। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया था। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर मृतक का शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 2-3 अगस्त 2026 की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह रास्ते से लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों ने मामले की सूचना कोतवाली लक्सर पुलिस को दी, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मोबाइल टावरों की कॉल डिटेल, अन्य तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से मृतक से संबंधित जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अंकित चौहान की अपने गांव के रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी से पिछले कुछ समय से रंजिश चल रही थी। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा संख्या 801/26 दर्ज किया गया और चारों संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपितों ने बताया कि 2 अगस्त की रात उन्होंने अंकित चौहान की मोटरसाइकिल रास्ते में रोककर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को शिवपुरी गांव के पास स्थित खुसरो की ठोकर से मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मृतक अंकित उन्हें काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन के संबंध में मुखबिरी करता था और उन्हें पकड़वा देता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और अंधेरी रात में घात लगाकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस टीम उन्हें बताए गए स्थान तक लेकर गई। गंगा नदी में शव और मोटरसाइकिल होने की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को गोताखोरों के साथ मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने अथक प्रयास कर गंगा नदी में डूबी मोटरसाइकिल और शव को बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 801/26 में धारा 103, 238 और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में भी थाना खानपुर से संबंधित हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। मामले में आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में मृतक अंकित चौहान का शव और उसकी मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपितों में सचिन पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, मेहकार पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, कुलवंत पुत्र कल्लू निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार और अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार शामिल हैं।
घटना के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी, कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल ध्वजवीर, कांस्टेबल हिमांशु चौधरी, कांस्टेबल मुकेश, कांस्टेबल अनूप पोखरियाल, कांस्टेबल सुरेश, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल रविंद्र शामिल रहे।
