
शिवराज यादव / हरिद्वार / रुड़की। आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान 20 वर्षीय आयुष रजौरिया पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की पुलिस को गोविंद भवन में छात्र द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम गोविंद भवन की दूसरी मंजिल स्थित कमरा नंबर BS-10 पर पहुंची, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे खुलवाया गया। इस दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
कमरे के अंदर छात्र चादर के सहारे पंखे से लटका मिला। मौके पर पहुंचे आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया। चिकित्सक के अनुसार, उसकी मृत्यु लगभग पांच से छह घंटे पहले हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे में मौजूद लैपटॉप को पासवर्ड के माध्यम से खोलकर आवश्यक निरीक्षण किया। वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया।
पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
