
शिवराज यादव / हरिद्वार। जनपद में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच सामने आए हाईस्कूल परीक्षा फर्जीवाड़ा प्रकरण में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में की गई।
मामला 24 फरवरी 2026 का है, जब कोतवाली रानीपुर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर (महदूद) में एक छात्रा द्वारा दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दिए जाने का मामला प्रकाश में आया था। इस संबंध में प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी की तहरीर पर थाना रानीपुर में मु.अ.सं. 59/2026 सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रकरण में रानीपुर पुलिस पहले ही 03 “मुन्ना भाई” और 04 “मुन्नी बहनों” को हिरासत में ले चुकी है। इनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र भी बरामद किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने विस्तृत विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी चंगेज अंसारी (40 वर्ष), निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर को 26 फरवरी 2026 को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को “अल्मोडिया इस्लामिक हाई स्कूल” ज्वालापुर का प्रिंसिपल बताया।
आरोपी “द सक्सेज प्वॉइंट” नाम से व्हाट्सएप/सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग चलाता था। पुलिस के अनुसार उसने ट्यूशन के नाम पर छात्रा के परिजनों से परीक्षा पास कराने के लिए धनराशि ली और एक अन्य छात्रा की फोटो का उपयोग कर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया। उसी प्रवेश पत्र के आधार पर वास्तविक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलाई गई।
पुलिस द्वारा आरोपी को धोखाधड़ी, कूट रचना एवं सार्वजनिक परीक्षा में प्रतिरूपण कराने के आरोप में गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में सावित्री शिक्षा सदन, रावली महदूद की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली रानीपुर आशुतोष राणा, उ.नि. मन्दीप सिंह, का विवेक गुसांई शामिल रहे।
