
राजकुमार / हरिद्वार / कनखल। हरिद्वार की कोतवाली कनखल पुलिस ने मृतक व्यक्ति का फर्जी प्रतिरूपण कर जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त 2026 को शशांक त्यागी निवासी अवंतिका चिरंजीव विहार, गाजियाबाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शैलेश गुप्ता ने अपने साथियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर मृतक विनोद कुमार को जीवित दर्शाते हुए उनकी पहचान का फर्जी इस्तेमाल किया और भूमि से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों को असली के रूप में इस्तेमाल कर भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में मु.अ.सं. 262/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धारा 319(2) बीएनएस की पुष्टि हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए 17 अगस्त को नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता, निवासी आशुतोष विहार, जगजीतपुर, कनखल को हिरासत में लिया। आरोपी के विरुध्द आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल मे लायी जा रही है। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में व.उ.नि. अनुज सिंह, उ.नि. नरेन्द्र सिंह, हे.का. जसबीर चौहान और कानि. प्रलव चौहान शामिल रहे।
