
शिवराज यादव / हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 05 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2025 से लगातार फरार चल रहा था और बार-बार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को सिडकुल क्षेत्र स्थित एक कंपनी की खिड़की तोड़कर करीब चार लाख पीस सिल्वर सीट चोरी कर ले जाने के संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा संख्या 650/25, धारा 331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही नितिन और आकाश उर्फ रॉबिन को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद आरोपी आकाश उर्फ रॉबिन फरार हो गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 05 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। साथ ही न्यायालय से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। इसके बाद सिडकुल पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार दबिश दी और आखिरकार आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश उर्फ रॉबिन पुत्र दिनेश निवासी अकबरपुर गढ़ी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एडिशनल उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र शाह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक और हेड कांस्टेबल गजेंद्र राजपूत शामिल रहे।
