
शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने गश्त के दौरान एक आरोपी को 12.57 ग्राम अवैध स्मैक (मॉर्फीन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस की टीम ठोकर नंबर-2 से लगभग 150 मीटर आगे दुधियाबन क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबराकर पीछे मुड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनूपाल पुत्र स्व. राजपाल, निवासी वैदिक नगर-3, रायवाला, जनपद देहरादून बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.57 ग्राम अवैध स्मैक (मॉर्फीन) बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक अपने एक साथी से बेचने के लिए लेकर आया था। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, कांस्टेबल संदीप नेगी, कांस्टेबल पवन सिंह शामिल रहे।
