
राजकुमार / हरिद्वार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
समारोह को संबोधित करते हुए एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की सेवा पुलिस बल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया। व जीआरपी पुलिस लाइन में रस्सा कसी, मटका फोड़, म्यूजिकल चेयरगेम, बोल ट्रे रेस आदि खेलो का आयोजन किया गया और प्रथम आने वाले बच्चों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जीआरपी के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
