
राजकुमार / हरिद्वार। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सावन के दूसरे सोमवार की सुबह हरकी पैड़ी से गंगा जल लेकर 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने तथा भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने की कामना को लेकर कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया।
खेल मंत्री रेखा आर्य ने अखाडा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी महाराज, समाजसेवी गिरधारी लाल साहू एवं खेल प्रेमियों के अलावा गणमान्य विभूतियों की गरिमामयी उपस्थिति में हरकी पैड़ी पर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया और गंगाजल लेकर कांवड़ उठाई। इसके बाद वह पैदल कावड़ लेकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर तक करीब 22 किलोमीटर की यात्रा के लिए रवाना हुईं। वहां भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया जाएगा।
रेखा आर्य ने कहा कि उनका पहला संकल्प 2036 ओलंपिक की सफल मेजबानी भारत को मिलना और दूसरा संकल्प भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से दोनों संकल्प पूरे होंगे।
संत समाज ने भी मंत्री के संकल्प की सराहना करते हुए भारत के ओलंपिक मेजबानी के लक्ष्य की सफलता और देश के खेल जगत में नई ऊंचाइयों की कामना की।
