
शिवराज यादव / हरिद्वार / रुड़की। रुड़की के कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चाउमंडी स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप, ट्रामाडोल और अल्प्राजोलाम बरामद की है। मामले में स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ड्रग निरीक्षक हरीश सिंह और वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनिता भारती को सूचना मिली थी कि पल्स मेडिकल स्टोर (नियर भगवती अस्पताल, चाउमंडी) में मेडिकल लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर कोतवाली गंगनहर पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने छापा मारा।
जांच में सामने आया कि मेडिकल स्टोर के लाइसेंस में केवल भूतल का नक्शा दर्ज है, जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर भी लोहे की सीढ़ियों के जरिए दवाओं का भंडारण किया गया था। तलाशी के दौरान गत्ते के डिब्बों में डायपर के नीचे छिपाकर रखी गई नशीली दवाएं बरामद की गईं।
यह दवाएं हुईं बरामद…
कोडीन फॉस्फेट युक्त सिरप – 2660 मिलीलीटर
ट्रामाडोल एचसीएल टैबलेट्स – लगभग 142.73 ग्राम
ट्रामाडोल इंजेक्शन – 16 मिलीलीटर
अल्प्राजोलाम टैबलेट्स – लगभग 11.21 ग्राम
मौके पर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई बिल, शेड्यूल H1 रजिस्टर या पंजीकृत चिकित्सक का प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
मौके पर मौजूद शुभम कुमार सैनी (27 वर्ष), निवासी ग्राम हद्दीवाला, थाना कलियर ने स्वयं को मेडिकल स्टोर का संचालक बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लालच में आकर प्रतिबंधित दवाएं खरीदकर बेच रहा था। पुलिस ने उसे धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
बरामद दवाओं को विधिवत सील कर कब्जे में लिया गया है तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस के अनुसार इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में इस कार्रवाई को नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।
