
शिवराज यादव / हरिद्वार। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.के. सिंह के निर्देश पर गठित निरीक्षण दल द्वारा निरीक्षण अभियान को जारी रखते हुए मंगलवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रमेश कुंवर के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल द्वारा लक्सर रोड पर सुल्तानपुर क्षेत्र के दो निजी चिकित्सालयों दीप अल्ट्रासाउण्ड सेन्टर और सहारा हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। सहारा हॉस्पिटल में चिकित्सक उपलब्ध नहीं पाए गए। चिकित्सालय में बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण नियम के अनुसार नहीं किया जा रहा है एवं आवश्यक अभिलेख मांगे जाने पर, अभिलेख उपलब्ध नहीं कराये गये। दीप अल्ट्रासाउण्ड सेन्टर में अल्ट्रासाउण्ड़ मशीन चालू स्थिति में पायी गयी, किन्तु चिकित्सक नहीं मिले। घोर अनियमितता पाये जाने पर उक्त दोनों चिकित्सालयों को मौके पर सील करने की कार्यवाही की गयी।
निरीक्षण दल में डॉ.रमेश कुंवर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ डॉ.हेमन्त खर्कवाल एवं अवनीश कुमार आदि मौजूद रहे।
