
शिवराज यादव / हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में नशे के खिलाफ जनजागरूकता को लेकर एक व्यापक अभियान आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने भाग लेकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन करन पंडित द्वारा “सफल प्रयास मिशन” एवं “फाइट अगेंस्ट ड्रग्स” के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
यह अभियान महाराजा अग्रसेन घाट, प्रेम नगर आश्रम चौक और रानीपुर मोड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर चलाया गया, जहां युवाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। अभियान के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल-कूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर हरिद्वार के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वरिष्ठ औषधि अधीक्षक अनीता भारती ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इसे खत्म करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में राजेश रस्तोगी, संजय महंत, सत्यनारायण शर्मा, राम विशाल दास, विश्वास आनंद, वीर गुर्जर, पवन भगवा, वरिष्ठ समाजसेवी व भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अभियान के अंत में युवाओं ने एकजुट होकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। यह पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
