
शिवराज यादव / हरिद्वार। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी माह के अंतर्गत परिवहन विभाग एवं आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के सभी शराब विक्रय केंद्रों (वाइन शॉप्स) पर “डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव / शराब पीकर वाहन न चलाएं” संदेश वाले जागरूकता बैनर लगाए गए हैं।
एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है और मोटर वाहन अधिनियम के तहत यह गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि रोड सेफ्टी माह के दौरान विभाग का फोकस प्रवर्तन के साथ-साथ लोगों में व्यवहार परिवर्तन लाने पर भी है, ताकि दुर्घटनाओं में स्थायी कमी लाई जा सके।
एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। शराब के सेवन के बाद वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन को भी खतरे में डालता है। ऐसे अभियान जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिजोली ने बताया कि आबकारी विभाग इस पहल में पूर्ण सहयोग दे रहा है। शराब विक्रय स्थलों पर लगाए गए बैनरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि शराब सेवन के बाद वाहन चलाना अवैधानिक और जानलेवा है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि शराब सेवन के उपरांत स्वयं वाहन न चलाएं, सुरक्षित वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करें। परिवहन विभाग भविष्य में भी प्रवर्तन और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से सुरक्षित यातायात के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
