
राजकुमार / हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ एवं क्लीन जनपद बनाने के लिए चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान रविवार को लगातार बारहवें दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत जनपद के शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे भी सफाई अभियान तेज किया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं जनपद में चल रही सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में धरातल पर उतरकर सफाई व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग करें और क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखें।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में आज शहरी क्षेत्रों, ग्रामीण क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी बड़े स्तर पर सफाई कार्य किया गया।
बीएचईएल नगर प्रशासक एवं संपदा अधिकारी संजय पवार ने बताया कि चिन्मय चौक से सिडकुल की ओर जाने वाले मार्ग के डिवाइडरों पर पेंटिंग कार्य के साथ-साथ सफाई की जा रही है।
वहीं, अधिशासी अभियंता एनएचएआई अतुल शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के कल के स्थलीय निरीक्षण में दिए निर्देशों के आधार पर शंकराचार्य चौक के आसपास डिवाइडरों से मिट्टी और कूड़े को हटाकर क्षेत्र को पूरी तरह साफ किया गया है। हाईवे पर सफाई अभियान लगातार जारी है।
ए.एम.ए जिला पंचायत ने अवगत कराया कि ज्वालापुर रेड लाइट चौक से बहादराबाद ग्रामीण सर्विस रूट तक जिला पंचायत टीम द्वारा सफाई, पॉलिथीन हटाने और प्लास्टिक कूड़े के निस्तारण का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। शहर से लेकर गांवों तक साफ-सफाई की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, जिसकी मॉनिटरिंग जिलाधिकारी लगातार करते हुए पूरे अभियान को गति दे रहे हैं।
