शिवराज यादव / हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के समापन के बाद धर्मनगरी हरिद्वार में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। 16 फरवरी को यात्रा समाप्त होते ही जिला प्रशासन ने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया। प्रमुख घाटों, मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में नगर निगम की टीमें लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम के साथ-साथ अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी सफाई कार्य में लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी इस पवित्र नगरी को शीघ्र ही पूरी तरह स्वच्छ बनाया जा सके। जिन घाटों और क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई की आवश्यकता है, वहां विशेष टीमों द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसे स्वच्छ रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने आसपास गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि हरिद्वार की पवित्रता और सुंदरता सदैव बरकरार रहे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रा के बाद शहर को शीघ्र ही सामान्य व्यवस्था में लाकर स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाए।
amritganganews.com@gmail.com
