
राजकुमार / हरिद्वार। अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी के तत्वावधान में पैगंबर मोहम्मद साहब की याद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 117 लोगों ने उत्साह के साथ जरूरतमंदो की मदद के लिए रक्तदान किया।
ज्वालापुर के मोहल्ला कोटरवान स्थित एक स्कूल में आयोजित रक्तदान शिविर में सोसायटी के सदर हाजी शफी खान ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने से बड़ा पुण्य का कार्य कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने इंसानियत, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में युवाओं के साथ ही अन्य लोगों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सोसायटी के सचिव राहिल कुरैशी, उपाध्यक्ष हाजी रफी खान, हाजी जमशेद खान. अब्दुल रहमान खान ने लोगों से भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। शिविर के सफल आयोजन में सोसायटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
