
शिवराज यादव / हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वायड) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिर परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
टीमों ने मंदिर परिसर, आने-जाने वाले मार्गों तथा आसपास खड़े वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान प्रशिक्षित स्वानों और आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की बारीकी से चेकिंग की गई। मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगालते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर पहलू पर नजर रखी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार सुरक्षा जांच अभियान जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
