
शिवराज यादव / हरिद्वार / पथरी। जिले की पथरी थाना पुलिस ने लूट की एक घटना का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी से पीड़ितों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर निवासी नीरज चौहान पुत्र राजेश चौहान ने थाना पथरी में तहरीर देकर बताया कि वह अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट कर दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूट लिए। शिकायत के आधार पर थाना पथरी में बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर आरोपियों की तलाश और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर जांच करते हुए 16 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण और दोनों मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया। दोनों पीड़ितों ने बरामद सामान और आरोपियों की शिनाख्त की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम टांडा भागमल, थाना लक्सर, उम्र 24 वर्ष, रितिक पुत्र जगदीश निवासी टांडा भागमल, थाना लक्सर, उम्र 22 वर्ष और विशाल पुत्र अमरीश निवासी शाहपुर, थाना पथरी, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु की अंगूठियां, सफेद धातु की एक चेन, एक कड़ा और एक लॉकेट, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार, फेरुपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन कठैत, कांस्टेबल जयपाल चौहान, कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल कान्ति राम शर्मा और कांस्टेबल विरेन्द्र चौहान शामिल रहे। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से घटना का जल्द खुलासा होने और लूटे गए सामान की पूरी बरामदगी होने पर पीड़ितों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।
