
राजकुमार / हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम मयूर दीक्षित निरंतर प्रयासरत हैं। इसी क्रम में डीएम ने अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षाओं में पहुंचे तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के सवाल भी पूछे, जिनका बच्चों ने सही उत्तर दिया। विद्यार्थियों द्वारा सभी प्रश्नों के सही उत्तर देने एवं गणित के सवाल हल करने पर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि की सराहना की।
जिलाधिकारी ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि बच्चे किताबी ज्ञान के साथ दैनिक जीवन में उसका उपयोग करना भी सीख सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आवश्यक हैं।
जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए पुराने भवन के स्थान पर नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलकूद के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने से उनमें शारीरिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास एवं शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
