
शिवराज यादव / हरिद्वार। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के उद्देश्य से अतुल्य फाउंडेशन और हरिद्वार पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में 11 अक्टूबर, रविवार को ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स मिनी हाफ मैराथन’ का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के खिलाफ एकजुट होने तथा समाज में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मैराथन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार सहित पुलिस के अधीनस्थ अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे।
वर्तमान समय में नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं पर पड़ रहा है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए जागरूकता फैलाना और युवाओं को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से अतुल्य फाउंडेशन और हरिद्वार पुलिस ने संयुक्त रूप से इस मैराथन के आयोजन की पहल की है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ा जा सके।
मिनी हाफ मैराथन रविवार सुबह छह बजे ऋषिकुल मैदान से शुरू होगी। यहां से दौड़ रानीपुर मोड़, आर्यनगर चौक, ज्वालापुर, अंडरपास, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, नेहरू युवा केंद्र, भगत सिंह चौक, टिबड़ी अंडरपास और पुराना रानीपुर मोड़ होते हुए वापस ऋषिकुल मैदान पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
अतुल्य फाउंडेशन और हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मैराथन में भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूत बनाएं। आयोजकों का कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति का प्रयास नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
