
शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुपालन में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान शिवालिक नगर में सिडकुल की ओर से नो-एंट्री में प्रवेश कर रहे 15 भारी वाहनों (ट्रकों) के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिवालिक नगर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सिडकुल की ओर से नो-एंट्री में प्रवेश कर रहे भारी वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और यातायात नियमों का उल्लंघन किए जाने की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 15 ट्रक चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इनमें 14 ट्रक चालकों के कुल 7,000 रुपये के नगद चालान किए गए, जबकि एक ट्रक चालक का कोर्ट चालान किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नो-एंट्री क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, हेड कांस्टेबल गोपीचन्द, कांस्टेबल वीर सिंह तथा कांस्टेबल अर्जुन रावत शामिल रहे।
