
शिवराज यादव / उत्तराखण्ड / रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। कोतवाली रुड़की पुलिस ने संभावित वारदात से पहले अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक ही सप्लायर से अवैध असलाह खरीदने की बात बताई है, जिसके बाद पुलिस अब कथित सप्लायर की तलाश में जुट गई है।
6/7 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को नहर पटरी पर एचआरडीए कार्यालय के पास एक युवक मोटरसाइकिल के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को रोककर पूछताछ की तो उसकी पहचान अक्षित शर्मा (19) निवासी ग्राम जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
इसी दौरान पुलिस टीम ने पीरबाबा कॉलोनी/रेलवे पुल के नीचे डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते से रोहित सैनी (24) निवासी ग्राम जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवकों ने अवैध असलाह एक ही सप्लायर से खरीदा था।
पुलिस के मुताबिक रोहित सैनी खरीदी गई पिस्टल को मुनाफे के साथ किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से रेलवे पुल के नीचे पहुंचा था। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस प्रकाश में आए कथित सप्लायर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद अवैध शस्त्र एवं कारतूस को विधिवत सील कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कहा कि नए लड़कों का इस तरह अवैध असलाह के प्रति आकर्षित होना चिंता का विषय है। पुलिस अपना काम करेगी ही, लेकिन अभिभावकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, कांस्टेबल इतेंद्र ध्यानी, कांस्टेबल रंग मोहन और कांस्टेबल अनिल शर्मा शामिल रहे।
