
राजकुमार / हरिद्वार। प्रधानमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में जरूरतमंद लोगो को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे निजी अस्पताल संचालको के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून पहुंचकर राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अध्यक्ष से मिलकर अस्पतालों का बकाया भुगतान शीघ्र करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.डी.डी. चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ.यशपाल रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अरविंद शर्मा, डॉ.संध्या भटनागर सहित रुड़की, हरिद्वार, हल्द्वानी के आईएमए अध्यक्ष तथा अस्पतालों के प्रतिनिधि शामिल रहे। बैठक के दौरान चिकित्सकों ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत अस्पतालों को किए जाने वाले भुगतान में अत्यधिक देरी को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कियोजना के अंतर्गत किए गए उपचार के भुगतान में अत्यधिक देरी से अस्पतालों को गंभीर वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने लंबित भुगतान के निस्तारण के लिए तत्काल ठोस कार्रवाई करने तथा समयबद्ध तरीके से भुगतान सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि लंबित भुगतान के संबंध में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो अस्पतालों के लिए आयुष्मान योजना के अंतर्गत मरीजों का उपचार एवं सेवाएं जारी रखना कठिन हो सकता है। चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण इस गंभीर विषय को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगा, ताकि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
