
राजकुमार / हरिद्वार। ज्वालापुर के बाजारों में रक्षाबंधन पर्व पर रंग-बिरंगी राखियां बहनों का मन मोह रही हैं। पर्व को लेकर खासकर बहनें उत्साहित हैं । और राखी की खरीदारी के लिए बाजारों में दिनभर भीड़ उमड़ रही है।
त्योहारों की श्रखंला का शुक्रवार से शुभारम्भ हो रहा हैं
त्योहारों की श्रृंखला में ज्वालापुर के बाजारों की रौनक का जिक्र जरूरी है। त्योहारों के साथ बाजारों में खरीदारी बढ़ने लगी है और दुकानदारों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। मिठाई, कपड़े, आभूषण और सजावटी सामान की दुकानों पर चहल-पहल बढ़ रही है। वहीं भीड़ के चलते यातायात और पार्किंग व्यवस्था भी बड़ी चुनौती बन रही है।
बाजारों में इस बार पारंपरिक राखियों के साथ-साथ बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, आकर्षक डिजाइन, मोती, कुंदन और स्टोन वाली राखियां भी उपलब्ध हैं। युवतियों और महिलाओं के लिए फैंसी तथा डिजाइनर राखियों की मांग अधिक है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद को देखते हुए राखियों की कई नई वैरायटी मंगाई हैं।
रक्षाबंधन को लेकर मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है। लोग राखी के साथ भाई के लिए मिठाई, कपड़े और अन्य उपहार खरीदते दिखाई दे रहे हैं। बाजारों में बढ़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
दुकानदारों का मानना है कि राखियों की बिक्री में बुधवार को साप्ताहिक बंदी के दिन भी शाम के समय बाजारों में सबसे अधिक भीड़ दिखाई दे रही है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से बाजारों में विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
कुल मिलाकर रक्षाबंधन पर्व पर बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है। रंग-बिरंगी राखियों और खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ ने शहर के बाजारों में पर्व का उत्सवी माहौल बना दिया है।
