
राजकुमार / हरिद्वार। अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी के संयोजन में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सोसाइटी के सदर हाजी शफी खान, सचिव राहिल कुरैशी ने सयुंक्त रूप से प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि 06 दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत 20 अगस्त को कलियर शरीफ में चादर पेश करने और लंगर से होगी।
उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को इंडियन पब्लिक स्कूल, ज्वालापुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। 24 अगस्त को अजरधाम, हरिद्वार में दिव्यांगो को भोजन व फल वितरित किए जाएंगे। वहीं 25 अगस्त को पीलीभीत से हजरत बिलाल मियां हरिद्वार पहुंचेंगे। चंडी पुल पर उनका स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद वे कोटरावान स्थित सदर साहब के निवास पर विश्राम करेंगे ।
इसी दिन जिला चिकित्सालय और बंगाली हॉस्पिटल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण 26 अगस्त को निकाला जाने वाला मोहम्मदी जुलूस होगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे।
सोसाइटी अध्यक्ष शफी खान और सचिव राहिल कुरैशी ने कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और शिक्षा की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें समाज व राष्ट्र की तरक्की में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
सोसायटी के नायब सदर हाजी जमशेद खान, नायब सदर हाजी रफी खान ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज में एकता और भाईचारा मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
पत्रकारवार्ता में मसूद खान, नौशाद अली साबरी, आलम सैफी, फैसल खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
