
राजकुमार / हरिद्वार। कांवड़ मेला संपन्न होते ही कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बारिश के बीच मेलाधिकारी सोनिका ने हर की पैड़ी, कांगड़ा घाट, सर्वानंद घाट, वीआईपी घाट, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, पंतद्वीप, चमगादड़ टापू, लालजीवाला और रोड़ी बेलवाला क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण किया।मेलाधिकारी ने निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ की तैयारियों में अब समय कम है, इसलिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाएं और प्रगति की नियमित समीक्षा करें।
उन्होंने घाटों, पार्किंग और श्रद्धालु मार्गों पर स्वच्छता, सार्वजनिक शौचालय, पेयजल, पथ प्रकाश, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल तथा सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
भीमगोड़ा क्षेत्र में काली मंदिर की पहाड़ी से भूस्खलन की स्थिति का निरीक्षण कर सुरक्षा उपाय करने को कहा गया। हर की पैड़ी के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और तकनीकी सेल के अधिकारी मौजूद रहे।
