
शिवराज यादव / हरिद्वार। कांवड़ मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ पुलिस बिछड़ों को परिजनों से मिलाने में भी सराहनीय भूमिका निभा रही है। ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने सूझबूझ और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए कांवड़ियों की भीड़ में पिता से बिछड़ गए एक 12 वर्षीय बालक को परिजनों से मिला दिया। ग्राम जलालपुर ग्रेटर नोएडा निवासी रोशन 12 वर्षीय पुत्र शिव के साथ कांवड़ लेने आए थे। वापस लौटते समय कांवड़ मार्ग पर शिव पिता से बिछड़ गया। ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु सौरभ चौधरी ने बालक को परेशान अवस्था में देखा तो सूझबूझ और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए उससे परिजनों के संबंध में जानकारी लेकर तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद प्रशिक्षु सौरभ चौधरी ने शिव को उसके पिता रोशन से मिलवा दिया। पुत्र को सुरक्षित पाकर पिता ने राहत की सांस ली और एसआई सौरभ चौधरी का आभार व्यक्त किया।
