
राजकुमार / हरिद्वार। मेयर किरण जैसल ने कांवड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेयर ने कांवड़ यात्रियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कंपोस्टेबल बैग वितरित किए। मेयर किरण जैसल ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में कांवड़ मेला क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के बजाए कंपोस्टेबल एवं पर्यावरण हितैषी बैग का इस्तेमाल करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर शहर को स्वच्छ रखने के साथ पर्यावरण को भी सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए मेयर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ मार्ग की नियमित रूप से सफाई करने, कहीं भी कूड़ा एकत्र न होने देने, सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती, कूड़ा उठान एवं निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
