
राजकुमार / हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने एक शातिर आरोपी को अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को थाना श्यामपुर पुलिस पुरानी हरिद्वारी रोड स्थित बाहरपीली गांव के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने साहिल पुत्र जाहिद, निवासी ग्राम धनपुरा (पानी की टंकी के पास), थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा .315 बोर कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की बिना नंबर प्लेट स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना श्यामपुर में आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
बरामदगी: एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) तथा काले रंग की बिना नंबर प्लेट स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल।
पुलिस टीम: अ.उ.नि. रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल संदीप रावत एवं कांस्टेबल गम्भीर सिंह।
