
राजकुमार / हरिद्वार / रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को पीड़ित पक्ष द्वारा कोतवाली रुड़की में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि ग्राम जबरदस्तपुर निवासी हसन उर्फ प्लास्टिक पुत्र मकसूद ने उनके नाबालिग पुत्र का अपहरण कर उसे डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा अपराध संख्या 286/26 पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया।
गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित हसन पुत्र मकसूद निवासी ग्राम जबरदस्तपुर, कोतवाली रुड़की को रेलवे पुल के पास लढौरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंशु चौधरी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र शामिल रहे।
