
शिवराज यादव / हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखा है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने देर रात चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नशे की हालत में ई-रिक्शा चला रहे एक चालक को पकड़कर उसके वाहन को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 02 जुलाई 2026 की रात रैश ड्राइविंग और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान फाउंड्री गेट मध्य मार्ग पर एक ई-रिक्शा चालक संदिग्ध अवस्था में वाहन चलाता मिला।
पुलिस ने चालक की पहचान रविन्द्र सैनी पुत्र तारा चन्द सैनी, निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में की। मेडिकल परीक्षण में चालक के नशे में होने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक राहुल थापा, कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट और कांस्टेबल मंजीत राणा की टीम ने अंजाम दिया।
