
शिवराज यादव / हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम हरिद्वार की टीम द्वारा बुधवार को विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सुबह की पाली में सिंहद्वार से शंकर आश्रम तक व्यापक कार्रवाई की गई।
इस दौरान 05 अवैध ठेलियों को नष्ट किया गया तथा 06 ठेलियों को जब्त किया गया, साथ ही शंकर आश्रम रोड पर दुकानदारों को सख्त चेतावनी जारी की गई कि भविष्य में अतिक्रमण न करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर की पाली में नगर निगम द्वारा ब्रह्मपुरी क्षेत्र में अभियान चलाया गया, जहां 20 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को जेसीबी के माध्यम से हटाया गया। ये अतिक्रमण नालियों के ऊपर एवं सार्वजनिक सड़क पर किए गए थे। इसके अतिरिक्त 04 खोखे और 10 ठेलियों को भी नष्ट किया गया, जो सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए थे। इसके अलावा सरकारी महिला अस्पताल के आसपास का अतिक्रमण भी खाली करवाया गया।
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर सहित नगर निगम की टीम एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा बताया गया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने हेतु यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
