
राजकुमार / हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने कोतवाली नगर हरिद्वार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों के खिलाफ विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाहरी राज्यों से आए मजदूरों, कर्मचारियों और फड़-ठेली संचालकों का सत्यापन किया गया।
पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें बनाकर होटल, जिम, धर्मशाला और आवासीय कॉलोनियों में काम करने वाले लोगों का मौके पर ही सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान अब तक करीब 1500 लोगों का सत्यापन किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार जिन मकान मालिकों, होटल संचालकों और धर्मशालाओं ने अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराया था, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिनियम की धारा-83 के तहत अब तक 260 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹26 लाख के चालान किए गए हैं। इन मामलों की रिपोर्ट न्यायालय को भेजी जा रही है।
