
शिवराज यादव / हरिद्वार / कलियर। थाना पिरान कलियर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी द्वारा वीडियो वायरल किए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 04 मार्च 2026 को पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कला निवासी फरमान पुत्र महमूद (लगभग 40 वर्ष) ने एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से उक्त वीडियो को हटवाया।
वीडियो वायरल करने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में शनिवार 14 मार्च को कलियर पुलिस टीम ने आरोपी फरमान को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने द्वारा वायरल किए गए वीडियो को लेकर माफी मांगी और भविष्य में इस प्रकार की गलती न करने की बात कही।
पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की गई है और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
