
राजकुमार / हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवालिक नगर में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का महज 21 घंटे में खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गैंग के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 को सत्यशील वत्स निवासी शिवालिक नगर ने तहरीर देकर बताया था कि रात करीब 8 बजे उनकी मेडिकल स्टोर (शील फार्मेसी) पर दो युवक बाइक से पहुंचे। एक युवक बाहर बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और सामान लेने के दौरान झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीआईयू हरिद्वार की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
25 मार्च को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीएचईएल तिराहा बहादराबाद के पास से आरोपी अनमोल गर्ग (24 वर्ष), निवासी गांधी नगर, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा, एक अवैध फोल्डिंग चाकू और ₹200 नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी आशीष उर्फ पगला निवासी बुराड़ी, दिल्ली के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता है। दोनों नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं करते हैं। घटना से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की और फिर मेडिकल स्टोर संचालक को निशाना बनाया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अनमोल गर्ग पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
